फतेहाबाद में धूमधाम से मनाई गई गुरू सुदर्शन जन्म जयंती
फतेहाबाद में धूमधाम से मनाई गई गुरू सुदर्शन जन्म जयंती
फतेहाबाद, 4 अप्रैल (हि.स.)। एसएस जैन सभा, ठाकर बस्ती फतेहाबाद में शुक्रवार को गुरू सुदर्शन जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस उपलक्ष्य में आज सुबह श्रद्धालुओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद फतेहाबाद जैन स्थानक में विराजमान जैन साध्वियों द्वारा गुरू सुदर्शन के गुणों पर प्रकाश डाला दिया। उन्होंने गुरूदेव के गुणों का बखान करते हुए श्रद्धालुओं से उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आहवान किया। महासाध्वी सुरक्षा जी म.ठाणे-3 व महासाध्वी शिवप्रज्ञा म.ठाणे-4 ने कहा कि गुरूदेव के गुणों का व्याख्यान करना गागर में सागर भरने जैसा है। गुरूदेव ने सहनशीलता, संयम, सेवा, स्वाध्याय, जप और तप की ऐसी मिसाल पेश की है जो अन्यत्र देखने को नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि गुरूदेव की कथा-प्रवचन शैली इतनी अद्भूत थी कि लोग उनकी वाचन कला से खींचे चले आते थे। गुरू सुदर्शन जी का व्यक्तित्व दुर्लभ पुष्प की भांति आकर्षक था। उन्होंने गांव, शहर, कस्बे हर क्षेत्र में धर्म की लौ जलाई। पूज्य गुरुदेव ने उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू व यू.पी. में जैन युवकों को व्यसनों से मुक्त रखा। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में गुरूओं के गुणों को धारण करना चाहिए। इस अवसर पर काफी संख्या में जैन श्रद्धालु मौजूद रहे। गुरूसेवक परिवार फतेहाबाद के सदस्यों ने जिला प्रधान मुकेश प्रजापति के नेतृत्व में अपनी सेवाएं प्रदान की और कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरित किया गया।