News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने किया आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने किया आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले रविवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने काली मस्जिद डीडीए फ्लैट्स (सीताराम बाजार वार्ड) में आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा इस प्रतिमा को स्थापित किया गया है।

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग एवं दुष्यंत कुमार गौतम, एसोसिएशन अध्यक्ष नरेश कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार आनंद, पूर्व पार्षद राकेश कुमार, प्रदेश भाजपा के सह-कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ एवं दुष्यंत गौतम ने उपस्थित लोगों को बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान को स्मरण कराते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के स्मरण मात्र से हम में समाजिक चेतना आती है।

सचदेवा ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनसे स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान पुरानी यादें ताजा की। वीरेन्द्र सचदेवा ने यहां अपना बचपन बिताया था। उन्होंने वहां कुछ समय बिताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर समाजिक न्याय और एकता के प्रतीक हैं।

सचदेवा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर सिर्फ संविधान निर्माता नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के प्रतीक हैं। यह प्रतिमा हमें हमेशा याद दिलाती रहेगी कि एक बेहतर और समावेशी समाज की नींव उच्च विचारों और संघर्ष से पड़ती है। हम उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने का प्रयास भी है।

—————

Leave a Reply