बीकानेर स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन सहित कई आयोजन होंगे
बीकानेर स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन सहित कई आयोजन होंगे
बीकानेर, 16 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर नगर स्थापना दिवस समारोह समिति द्वारा नगर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य आयोजन 27 अप्रैल से शुरू होगा। इस उत्सव में राष्ट्रीय स्तर के कवि सम्मेलन, सिविलाइज्ड कंट्रीब्यूटर अवार्ड और रंगोली प्रतियोगिता सहित कई सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल होंगी। आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
कार्यक्रम के आयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि कवि सम्मेलन में देश के सुप्रसिद्ध कवि और कवयित्रियाँ जैसे कि जयपुर के संपत सरल, दिल्ली की मन्नू वैशाली, खंडवा (म.प्र.) के अमन अक्षर और गाजियाबाद (उ.प्र.) के युवा कवि कुशल कुशवाहा शिरकत करेंगे। ये सभी कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। सम्मेलन में केवल कार्डधारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
सह-संयोजक ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि सिविलाइज्ड कंट्रीब्यूटर अवार्ड समारोह में बीकानेर के विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों, दानदाताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में शहर का गौरव बढ़ाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। ऐसे व्यक्तित्वों को शामिल किया जाएगा जो समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
संयोजक अनिल जोशी ने बताया कि नगर स्थापना दिवस पर आमजन को जोड़ने तथा बीकानेर की स्थापत्य कला व ऐतिहासिक स्मारकों को प्रदर्शित करने हेतु “हजार हवेलियों का शहर” थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह रंगोलियां शहर के प्रमुख चौराहों और स्मारकों के पास बनाई जाएंगी। 100 से अधिक कलाकार इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। रंगोली कार्यक्रम की प्रभारी रचना रंगा को नियुक्त किया गया है।
—————