News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद में मासूम के साथ हैवानियत कर हत्या करने वाले दो दोषियों को फांसी की सजा

फतेहाबाद में मासूम के साथ हैवानियत कर हत्या करने वाले दो दोषियों को फांसी की सजा

फतेहाबाद, 9 अप्रैल (हि.स.)। जिले के टोहाना के ग्रामीण इलाके में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत कर उसकी हत्या करने के मामले में सुनवाई करते हुए फास्ट ट्रेक कोर्ट अमित गर्ग की अदालत ने बुधवार को दो युवकों मुकेश व सतीश को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई है। दरिंदगी का शिकार हुई साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची ने नौ दिनों बाद जिंदगी व मौत के बीच जूझने के बाद रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया था। बच्ची को प्रवासी मजदूर पिता के ही जानकार दो लोग आधी रात को घर से उठाकर ले गए थे तथा मासूम के साथ दुष्कर्म किया था। बाद में अलसुबह बच्ची खून से लथपथ हालत में सडक़ पर मिली थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया था। मानवता को शर्मशार करने वाली यह घटना 29 जून 2024 की रात को घटित हुई थी। बच्ची की गंभीर हालात को देखते हुए 30 जून को बच्ची को पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया था। जिला न्यायवादी देवेन्द्र मित्तल व अरूण बंसल ने बताया कि यह केस चिन्हित अपराध की श्रेणी में आता था। इस केस की पैरवी तत्कालीन डिप्टी डीए ओमप्रकाश बिश्नोई ने की। इस मामले में धारा 363 व 34 में सात साल कैद व 25 हजार रुपये जुर्माना, धारा 366 में 10 साल कैद और 50 हजार रुपये जुर्माना, धारा 302 में फांसी की सजा और 50 हजार रुपये जुर्माना तथा छह पॉक्सो एक्ट में फांसी की सजा और 50 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई गई है। गौरतलब हैं कि मासूम बच्ची के माता-पिता जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे करीब 2 माह पहले टोहाना के पास स्थित एक गांव में खेत मजदूरी करने के लिए आए थे। यहां एक जमींदार के खेत में वह रह रहे हैं। 29 जून शनिवार रात को उनकी जान पहचान के 3 युवक मुकेश, सतीश और शंभू नामक 3 लोग उनके घर आए थे। वह भी आसपास के गांवों के खेतों में मजदूरी करते हैं। जहां उन्होंने शराब आदि की पार्टी की। रात को वे वापस चले गए और परिवार सो गया। बच्ची के पिता ने बताया कि आधी रात को तीन बजे वह उठा तो देखा कि बच्ची अपने बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और खेत मालिक को भी सूचित किया। सभी ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची कुछ ही दूरी पर जाखल रोड पर लहूलुहान हालत में मिली थी। इसके बाद परिजन बच्ची को टोहाना नागरिक अस्पताल में लेकर गए जहा से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply