शाहरुख का जयपुर दौरा: होटल में टोटल सील फ्लोर, खास राजस्थानी व्यंजन करेंगे ट्राई!
इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकादमी (IIFA) अपने सिल्वर जुबली समारोह का आयोजन जयपुर में करने जा रही है। यह भव्य अवॉर्ड शो 8 और 9 मार्च को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में होगा, जिसमें 100 से अधिक बॉलीवुड सितारों की उपस्थिति देखने को मिलेगी। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान भी इस इवेंट में शामिल होने के लिए 8 मार्च को जयपुर पहुँचेंगे। उन्हें होटल हयात रिजेंसी के प्रेसिडेंशियल सुईट में रखा गया है, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये प्रति रात है। इस होटल में कुल 34 सुईट बुक किए गए हैं, जहां बड़े-बड़े कलाकार ठहरेंगे।
जयपुर आने वाले बॉलीवुड के सितारों के लिए विशेष भारतीय व्यंजनों का मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें राजस्थानी व्यंजन जैसे मारवाड़-मेवाड़ और शेखावाटी के खास खाने शामिल होंगे। खास डिमांड पर बथुए की सब्जी भी परोसी जाएगी। इवेंट से पहले से ही गुरुवार (6 मार्च) से सेलेब्रिटी गेस्ट का आना शुरू हो चुका है, जिसमें माधुरी दीक्षित, नुसरत भरूचा, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बनर्जी और विजय वर्मा शामिल हैं।
शाहरुख खान जिस सुईट में ठहरेंगे, वह इटालियन डिजाइन से तैयार किया गया है और होटल के दूसरे फ्लोर पर स्थित है। इस सुईट को 5 मार्च को पूरी तरह से सिक्योर किया गया है। इसमें एक विशेष ड्रॉइंग रूम तथा भारतीय समकालीन कला की कलाकृतियां सजाई गई हैं। शाहरुख के साथ-साथ उनकी परिवार और टीम के कुछ सदस्य भी यहां ठहरेंगे। जयपुर में IIFA से जुड़े अन्य होटलों में इंटर कॉन्टिनेंटल, नोवोटेल, और मैरियट भी शामिल हैं। आयोजकों ने हयात रिजेंसी होटल को पूरी तरह बुक कर लिया है, और वहां तीन दिन तक केवल इवेंट से जुड़े कलाकार ही रहेंगे।
होटल हयात रिजेंसी के सेल्स एंड मार्केटिंग डायरेक्टर दुष्यंत शेखावत ने जानकारी दी कि उनके पास 245 कमरे और 34 सुईट हैं। वे आने वाले सेलेब्रिटीज को एक अनोखा अनुभव देने के लिए तैयार हैं। राजस्थान की स्थानीय कलाओं का यहाँ प्रदर्शन किया जाएगा और इस दौरान कलाकार पॉट मेकिंग भी सीख सकेंगे। बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां जैसे वरुण धवन, कैटरीना कैफ, माधुरी दीक्षित, और नोरा फतेही भी इस इवेंट में शिरकत करेंगी।
IIFA के इस साल के समारोह का आरंभ 7 मार्च से होगा, जहां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित एक विशेष सेशन ‘द जर्नी ऑफ वीमेन इन सिनेमा’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में माधुरी दीक्षित और ऑस्कर विजेता निर्देशक गुनीत मोंगा एक मंच साझा करेंगे। इस कार्यक्रम की मेज़बानी IIFA की वाइस प्रेसिडेंट नूरीन खान करेंगी। इस विशेष सत्र में फिल्म उद्योग में महिलाओं के योगदान तथा उनके संघर्ष और उपलब्धियों पर चर्चा होगी। IIFA अवॉड्र्स की इस वर्ष की थीम ‘सिल्वर इज द न्यू गोल्ड’ रखी गई है।