फतेहाबाद : नहरबंदी में न हाे पेयजल संकट,अवैध कनैक्शन काटे
फतेहाबाद : नहरबंदी में न हाे पेयजल संकट,अवैध कनैक्शन काटे
फतेहाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। 25 दिन की लंबी नहरबंदी के कारण जिलावासियों को पेयजल संकट से न जूझना पड़े, इसको लेकर जनस्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। विभाग द्वारा जहां लोगों से पानी का दुरूपयोग न करने की अपील की जा रही है वहीं अवैध पेयजल कनैक्शनों को काटने को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार काे विभाग द्वारा गांव अहरवां में डोर टू डोर पेयजल कनैक्शनों की जांच की गई और ऐसे 6 कनेक्शन काटे गए हैं, जिन्होंने पीने के पानी पर हरा चारा व सब्जी लगा रखी थी। बता दें कि सिंचाई विभाग ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड द्वारा वार्षिक मेंटेनेंस का कार्य करने के चलते 25 मार्च से 20 अप्रैल तक नहरबंदी रखने का फैसला लिया है। फतेहाबाद के अलावा सिरसा जिले में भी फतेहाबाद ब्रांच नहर से ही पेयजल की सप्लाई होती है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद के जिला सलाहाकार शर्मा चंद लाली ने बताया कि जल संरक्षण अभियान के दौरान जिले के सभी शहरों में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा टीम लगाकर घर घर सर्वे करवाया जा रहा है। इस दौरान जिसने भी पीने के पानी पर सर्विस स्टेशन, हरा चारा व सब्जी लगा रखी है उनके कनेक्शन तुंरत प्रभाव से काटे जा रहे हैं। इसके साथ विभाग उनकी सूची भी तैयार कर रहा है जिनके बिल बकाया है। उनको भी नोटिस दिया जाएगा यदि फिर भी बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके भी कनेक्शन काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर घर को पीने का पानी मिल सके इसमें सभी जिला वासी विभाग का सहयोग करे। शर्मा चंद लाली ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने ग्राम पंचायत अहरवां में ऐसे 6 कनेक्शन काटे गए हैं, जिन्होंने पीने के पानी पर हरा चारा व सब्जी लगा रखी थी। यह अभियान जिले के सभी शहरों व सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा ताकि सभी को स्वच्छ जल मुहैया करवाया जा सके। उन्होंने बताया कि पीने के पानी से संबंधित जो भी समस्याएं हैं उन सभी समस्याओं को चिह्नित करके तुरंत प्रभाव से ठीक किया जाएगा। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में किसी भी घर को पीने के पानी की कोई दिक्कत न आए।
कनिष्ठ अभियंता दुर्गेश कुमार ने बताया की ग्रामीण क्षेत्र में कुछ घरों ने पीने के पानी पर हरा चारा सब्जी, सर्विस स्टेशन लगा रखे है जिस कारण गांव के कुछ घरों में पीने का पानी नही पहुंच रहा है। पूरे जिले में ऐसे सभी घरों को चिन्हित करके विभाग की तरफ़ से उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएंगी। जिले के पीने के पानी के सभी घरों का सर्वे भी किया जाएगा। इसके लिए सभी उपभोक्ताओं से भी अपील है कि इस संबंध में विभाग की मदद करें ताकि जल्दी फतेहाबाद जिले के सभी घरों मे पीने का पानी उपलव्ध हो सके। इसके साथ साथ विभाग के कर्मचारी घर घर जाकर उन घरों को भी चिह्नित करेंगे जिन घरों में पीने के पानी के नलों पर बंद करने वाली टेप नहीं लगी हुई, ताकि उन सभी घरों में टेप लगवाई जा सके और जिन घरों में पीने का पानी नहीं पहुंचता उन घरों में पीने का पानी पहुंच सके। गांव में जितनी भी लीकेज है उनको भी इस अभियान के दौरान चिह्नित करके ठीक करवाया जायेगा। इस मौके पर बलविंदर सिंह, मरियम रानी, सतपाल सिंह आदि को भी नोटिस जारी किए।