News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Punjab

फ्रांस से पहली बार ड्रग रैकेट का पर्दाफाश: हेरोइन, 1.05 लाख और पिस्तौल के साथ 5 गिरफ्तार!

**भास्कर न्यूज:** अमृतसर सिटी पुलिस ने एक प्रमुख ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 2 किलो 251 ग्राम हेरोइन, 1.05 लाख रुपये की नकद ड्रग मनी, एक कार और एक ग्लॉक पिस्तौल समेत 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से चार फतेहगढ़ चूड़ियां, जिला गुरदासपुर के निवासी हैं। पुलिस ने इन व्यक्तियों की पहचान करनबीर सिंह (21), किरतपाल सिंह (18), सुखदीप सिंह (18), पंकज वर्मा (43) और प्यारा सिंह (18) के रूप में की है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना इस्लामाबाद के एसएचओ जसबीर सिंह और एसआई सुशील सिंह की अगुवाई में टीम ने इन तस्करों को पकड़ा। यह कार्रवाई चार दिनों से चल रही थी, जिसमें इस्लामाबाद पुलिस ने कबीर पार्क के पास नाकाबंदी के दौरान इन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने इस कार्रवाई में हेरोइन, नगद पैसा, पिस्तौल और कार भी बरामद की।

जांच के दौरान यह पता चला कि यह ड्रग माफिया फ्रांस में रह रहे सिकंदर सिंह के संपर्क में था, जो कि गुरदासपुर का निवासी है। जानकारी के अनुसार, सिकंदर ने पहले करनबीर के साथ पढ़ाई की थी। हाल ही में करनबीर अमेरिका जाने की योजना बना रहा था, लेकिन उसे नवंबर 2024 में डिपोर्ट कर दिया गया। इसके बाद करनबीर ने सिकंदर के साथ मिलकर हेरोइन और हथियारों की तस्करी शुरू की। बताया जा रहा है कि यह गिरोह हेरोइन और हथियारों को पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों से यह भी पता चला है कि उन्होंने फतेहगढ़ चूड़ियां के रंगला बॉर्डर क्षेत्र से ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवाई थी। पुलिस ने छापे में फतेहगढ़ चूड़िया के गांव दरागना में एक खेत में छुपा हुआ एक किलो हेरोइन का एक और बड़ा स्टॉक बरामद किया है।

इसके अलावा, यह भी जानकारी मिली है कि किरतपाल सिंह के खिलाफ थाना घनिए के बांगर में एक असलहा एक्ट का मामला पहले से दर्ज है, जबकि पंकज वर्मा, जो एक सुनार है, उसके खिलाफ हरियाणा के पिंजौर थाने में डकैती और असलहा एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। फ्रांस से संचालित यह तस्करी का मामला बेहद गंभीर है और इसके और भी खुलासे होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस नेटवर्क के और भी सदस्य पकड़े जाएंगे और तस्करी के इस काले कारोबार को रोकने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply