मुरादाबाद : 20 घंटे से लगातार बारिश जारी, पानी से लबालब हुआ महानगर
मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में मानसून की बारिश जारी है। शनिवार शाम 4 बजे से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह 11 बजे तक जारी रही। बीते एक पखवाड़े में पहले साधारण बारिश, फिर प्री मानसून और मानसून की बरसात होने से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।
मौसम प्रयोगशाला के अनुसार रविवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुरादाबाद में 17 किलोमीटर प्रति घंटे से हवा चल रही है।
शनिवार को सुबह आसमान में बादल छाए हुए थे और उमस भरी गर्मी थी। शाम लगभग 4 बजे आसमान में काले बादल छाए और ताबड़तोड़ बारिश शुरू हो गई थी जो शनिवार रात्रि 12 तक रुक-रुक कर जारी रही। इसके बाद रात्रि 1 बजे से फिर ताबड़तोड़ वर्षा शुरू हो गई जो आज सुबह 11 बजे तक लगातार जारी रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ एके सिंह के अनुसार मुरादाबाद में अगले 10 दिन तक बारिश जारी रहेगी और मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस आने का अनुमान है। उन्होंने आगे बताया कि जनपद मुरादाबाद में 19 जून से 6 जुलाई तक औसत बारिश 140 मिलीमीटर हुई है। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार की 90 मिलीमीटर बारिश की वजह से अब तक 230 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
राजकीय इंटर कॉलेज में मौसम प्रयोगशाला के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि रविवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और शाम को वातावरण में नमी 90 व 95 फीसदी थी।
उन्होंने आगे बताया कि सोमवार सुबह तक मुरादाबाद में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले 48 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।